भारत के पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक कॉलेज ने मिनी स्कर्ट पहनने और गोल गले की टीशर्ट पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्कॉटिश चर्च कॉलेज ने गोल गले की टीशर्ट और छोटी तथा कटी हुई स्कर्ट्स पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
कॉलेज प्रशासन ने एक नोटिस लगाया है जिसमें लिखा है कि कॉलेज पहनकर आने वाले परिधानों से सीखने के माहौल की गंभीरता और महत्व परिलक्षित होने चाहिए। इसीलिए परिसर में छात्रों की पोशाक नम्रता, स्वच्छता और सुरक्षा पर आधारित होने की उम्मीद है।
नोटिस के अनुसार कॉलेज सिफारिश करता है कि छात्र ऐसी अपरंपरागत और साधारण पोशाक में कॉलेज आएं जो शैक्षिक वातावरण के लिए उपयुक्त हों।
कैप्शन लिखे टी-शर्ट्स अथवा टॉप्स पर प्रतिबंध लगाने के अतिरिक्त कॉलेज प्रशासन द्वारा लगाए गए नोटिस में लिखा है कि केवल पूरी लंबाई वाली पतलून और घुटनों तक लंबी स्कर्ट्स पहनकर ही छात्र कॉलेज आ सकते हैं।
लड़कों के बालियां और स्टड पहनने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने कहा, "साड़ी और सलवार कमीज भी अच्छे ढंग से पहनी जानी चाहिए।"
ज्ञात रहे कि स्कॉटिश चर्च कॉलेज के इस फैसले की कुछ छात्रों और शिक्षाविदों ने निंदा की है।